Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026
evee
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

आंधी-बारिश से कई फीडर ठप, ग्रामीणों को बिजली-पानी का संकट, पूर्व विधायक ने अधिकारियों से की बात
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जून 2026। क्षेत्र में हाल ही में आए तेज अंधड़ और तूफानी बारिश के कारण कई स्थानों पर विद्युत पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके चलते विभिन्न गांवों के कृषि एवं घरेलू फीडर बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांवों और खेतों में पेयजल संकट गहरा गया है तथा पशुधन के लिए पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शिकायतों के बावजूद समस्या के समाधान में देरी हो रही है और आवश्यक विद्युत सामग्री उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है। पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने बताया कि उन्होंने संभागीय मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर प्रभावित फीडरों की बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने तथा आवश्यक पोल, तार एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। अधिकारियों ने बुधवार तक आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।

नेहरू पार्क में प्रतिदिन हो रहा सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ दिनचर्या अपनाने का संदेश
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ब्लॉक क्षेत्र में योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नेहरू पार्क में प्रतिदिन सामूहिक योग एवं प्राणायाम सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा के निर्देशन में चल रहे इन नि:शुल्क सत्रों में विभिन्न आयु वर्ग के लोग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। राजकीय आयुर्वेद औषधालय, ऊपनी के आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लॉक योग नोडल प्रभारी डॉ. जगदीश पचार ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 6 बजे तक योगाभ्यास शिविर संचालित किया जा रहा है। शिविर का संचालन आयुर्वेद विभाग के योग प्रशिक्षक चन्द्रप्रकाश वाधवानी तथा योग प्रशिक्षिका ममता पारीक द्वारा किया जा रहा है। प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न क्रियाओं का सही तरीके से अभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही योग मुद्राओं से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि लोग योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना सकें। आयोजकों ने नागरिकों से नियमित योगाभ्यास अपनाने की अपील करते हुए कहा कि योग तनाव कम करने, शरीर को स्वस्थ रखने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक यह विशेष अभियान जारी रहेगा।

अमृतवासी में 7 दिन से बंद पड़ी फिल्टर की बिजली, किसान परेशान
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अमृतवासी जीएसएस से निकलने वाले बिग्गा बास-रामसरा सेकंड फिल्टर क्षेत्र की बिजली पिछले सात दिनों से बंद पड़ी होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि कई बार संबंधित कर्मचारियों को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। किसान सहीराम मेघवाल, चेतनराम मेघवाल, कानाराम मेघवाल, शांताराम मेघवाल, सांवरमल पंडित सहित अन्य किसानों ने बताया कि बिजली बंद होने से कृषि कुओं पर पानी की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। कई किसानों के पास पीने के पानी तक की समस्या खड़ी हो गई है। किसानों ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। परेशान किसानों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द समस्या का समाधान कर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

टूटे बिजली पोल के बाद कई घरों की बिजली गुल, उपभोक्ता परेशान
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के शिव नगर क्षेत्र में शनिवार को आए तेज तूफान के दौरान 40 फीट रोड स्थित केशर देवी जाखड़ मार्ग पर ताराचंद के घर के पास एक बिजली का पोल टूट गया। इसके बाद मौके पर पहुंची एफआरटी (FRT) टीम ने सुरक्षा की दृष्टि से पीछे वाले पोल से बिजली लाइन काट दी, जिससे आगे के कई उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। क्षेत्र निवासी लक्ष्मण राम जाखड़ ने बताया कि पोल टूटने के बाद से वार्ड नंबर 15 के शिव नगर, आदर्श कॉलोनी रोड सहित आसपास के कई घरों में बिजली आपूर्ति ठप है। उन्होंने कहा कि प्रभावित उपभोक्ता लगातार जेईएन, लाइनमैन और एफआरटी टीम से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। जाखड़ के अनुसार बिजली बंद रहने से लोगों को गर्मी के मौसम में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से जल्द नया पोल लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।