Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026
26jan
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अप्रैल 2022। क्षेत्र में अप्रैल महीना तपाने वाला रहा और मई की शुरूआत भी भीषण लू के कहर के साथ होगी। आज से 27 व 28 अप्रैल को लू के कहर की पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने पूरे राजस्थान में लू व भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार तापमान का पारा 46 डिग्री के पार जाएगा और 17 जिलों में गर्मी झुलसाएगी। विभाग के अनुसार राजस्थान में मंगलवार से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। इसी के साथ प्रदेश के 4 संभागों में ‘लू’ और भयंकर गर्मी का असर रहेगा। अगले कुछ दिनों तक मौसम सूखा रहेगा और सूरज की तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसाएंगी। बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। इन इलाकों में हीट वेव की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं, 26 से 28 अप्रैल तक भरतपुर, अलवर, धौलपुर, करौली, टोंक, सवाईमाधोपुर, बूंदी, कोटा, बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू, झुंझुनूं, जोधपुर, पाली, जालोर, बाड़मेर, जैसलमेर में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गर्म हवाओं स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। क्षेत्र में धूलभरी हवाएं, अंधड़ चलने के आसार है और ‘लू’ और तेज हवाओं के कारण आंधी भी चलने की सम्भावना है। बुजुर्गों व बच्चों सहित सभी को गर्मी से बचकर रहने की सलाह दी गयी है तथा किसानों को फसलों की बार-बार सिंचाई करने की सलाह भी दी गई है।