Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026
000000
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 अप्रैल 2025। प्रदेश के आला अफसर गर्मी में पेयजल समस्याओं को लेकर संवेदनशीलता बरतने के निर्देश लगातार दे रहें है परंतु इन निर्देशों की हवा संबंधित विभाग द्वारा ही निकाली जा रही है। क्षेत्र के गांव लिखमीसर दिखणादा में चार ट्यूबवेल है। जिनमें दो ट्यूबवेल दो माह से बंद है और शेष दो भी एक पखवाड़े से बंद पड़ें है। पूरे गांव की आपूर्ति बाधित है और 300 घरों की आबादी पेयजल के लिए तरस रही है। ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव में पंचायत भवन के पास स्थित ट्यूबवेल दो माह से बंद है, हरिजन मोहल्ले का ट्यूबवेल भी लंबे समय से बंद है। गांव के बीच में पीएचसी के निकट स्थित ट्यूबवेल तथा राजेडू रोड पर स्थित ट्यूबवेल गत 15 से 20 दिन से बंद पड़ें है। 15 दिन से जलापूर्ति के लिए पूरा गांव टैंकरों पर निर्भर है। गांव के युवा राजकुमार डेलू ने बताया कि 15 दिन में संपर्क पोर्टल पर तीन बार शिकायत दर्ज करवाने के साथ विभागीय अधिकारियों को बार बार सूचना दे दी है परंतु विभाग सुनवाई नहीं कर रहा है। पूर्व वार्ड पंच मालीदेवी कूकणा व मोहिनी देवी ने विभाग के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि एक टैंकर 500 से 700 रूपए लेकर पानी डाल रहा है जिससे गरीब ग्रामीणों का जीवन कठिन हो रहा है। हरिजन मोहल्ले में पेयजल किल्लत से परेशान परिवार पानी ढो रहें है। गांव के बुजुर्ग मोटाराम डेलू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गर्मी में विभाग द्वारा पानी नहीं देना ग्रामीणों के लिए किसी प्रताड़ना से कम नहीं है। गांव के ओमप्रकाश, नारायण राम, रामप्रताप सहित अनेक ग्रामीणों ने प्रशासन से चारों ट्यूबवेल ठीक करवा गांव की पेयजल सुचारू करने की मांग की है।