Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026
sri-news-banner-Recovered
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

राशन डीलरों ने बकाया भुगतान की मांग की, लगाए भ्रष्टाचार के आरोप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जून 2024।
राशन डीलर एसोसिएशन द्वारा जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन देते हुए क्रय विक्रय सहकारी समिति, श्रीडूंगरगढ़ से 2020 तक पीडीएस राशन का परिवहन बकाया व पलदारी भुगतान करवाने की मांग की है। अध्यक्ष शुभकरण विश्नोई ने बताया कि समिति ने जुलाई 2020 तक करीब 32 लाख रूपए का भुगतान किया जाना ऑडिट रिपोर्ट में दिखाया परंतु आज तक ये भुगतान डीलर को नहीं दिया गया है। ज्ञापन में बताया कि स्थानीय समिति द्वारा चीनी, सर्मथन मुल्य खरीद व राष्ट्रीय पोषाहार में बड़ा भ्रष्टाचार करते हुए लाखों की राशि गबन की है। सदस्यों ने श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समिति पर कार्रवाई की मांग करते हुए डीलरों को बकाया राशि भुगतान करवाए जाने की मांग की है।

सेरूणा में बिजली व पेयजल समस्याओं के समाधान की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
सेरूणा सरपंच सहित ग्रामीणों ने जनसुनवाई में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देते हुए गांव की बिजली पानी की समस्याओं के समाधान की मांग की। रणवीरसिंह ने बताया कि कम वोल्टेज व अघोषित कटौती की समस्या से ग्रामीण परेशान है। रात्रि चौपाल के दौरान संभागीय आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों के बावजूद बिजली विभाग ने ट्रासंफार्मर नहीं बदला है ना ही पाईप डालने का कार्य शुरू हुआ है। ग्रामीणों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

गौपालन समिति की बैठक, जिला कलेक्टर ने दिए निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला गौपालन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने भीषण गर्मी से गोवंशीय पशुओं को बचाने के लिए गौशालाओं में चारा पानी के विशेष इंतजाम के साथ छाया व पंखे-कूलर की व्यवस्था करने के लिए पशुपालन विभाग के साथ-साथ उपखंड स्तरीय गौपालन समिति को दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने पशुपालन विभाग को निर्देश दिए कि उपखंड अधिकारियों को गौशालाओं की सूची भिजवाएं और समस्त उपखंड अधिकारी अपने ब्लॉक में संचालित गौशालाओं की पेयजल व्यवस्थाओं का सत्यापन जरूर करवाएं। बैठक में अनुदान के संबंध में भी चर्चा की गई तथा भुगतान से जुड़े निर्देश दिए। इस दौरान गौशालाओं के 150 दिन का अनुदान स्वीकृत करने की अनुशंसा जिला गोपालन समिति द्वारा की गई। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल, पशुपालन विभाग संयुक्त निदेशक डॉ एस.पी जोशी, कोषाधिकारी धीरज जोशी, जिला गोपालन अधिकारी डॉ. राजेंद्र स्वामी उपस्थित रहे।

अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला, ब्लाक और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर आयोजित होंगे योगाभ्यास
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को जिला मुख्यालय, सभी ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर योग दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में योगाभ्यास किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि समारोह के आयोजन के लिए आयुष विभाग को नोडल विभाग नियुक्त कर जिला स्तरीय एवं ब्लाक स्तरीय क्रियान्वयन समिति का गठन किया गया है। ग्राम पंचायत स्तरीय क्रियान्वयन समिति का चयन एवं निर्धारण ब्लॉक स्तरीय समिति के दिशा-निर्देश अनुसार विकास अधिकारी द्वारा किया जाएगा। योगाभ्यास में आमजन की भी अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

महात्मा गाँधी नरेगा कार्यस्थल पर सुविधाओं के संबंध मे दिशा निर्देश जारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा महात्मा गाँधी नरेगा के तहत चल रहे कार्यों पर सुविधाओं के दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत मनरेगा कार्य स्थल पर स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था एवं पंचायत में भामाशाहों के माध्यम से कैरी का पानी, छाछ, नींबू पानी या शरबत आदि व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए हैं। अधिशासी अभियंता (ईजीएस) धीरसिंह गोदारा ने बताया कि कार्यस्थल पर विश्राम के लिए शेड तथा इलेक्ट्रॉल या ग्लूकोज की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। इस श्रंखला में कार्य स्थल पर 5 वर्ष से कम उम्र के 5 से अधिक बच्चे महिला सहित आते हों, तो एक महिला मजदूर उन बच्चों की देखभाल हेतु लगाई जाएगी, जिसे योजना अंतर्गत निर्धारित दर से मजदूरी का भुगतान किया जाएगा। योजना के तहत कार्य स्थल पर छोटे बच्चों को सुलाने व लेटने के लिए छाया व झूलों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि भीषण गर्मी को देखते हुए श्रमिकों के कार्य का समय प्रातः 5:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक विश्राम काल रहित किया गया है।