Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026
banner[1]-Recovered-Recovered-Recovered-Recovered-Recovered-Recovered-Recovered
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जनवरी 2024। एक युवक की दु:खद मौत से परिवार में मातम पसर गया है और तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। क्षेत्र के गांव धनेरू निवासी 25 वर्षीय परमेश्वरलाल मेघवंशी पुत्र रेखाराम की गुरूवार को मदनगंज किशनगढ़ की एक मार्बल फैक्ट्री की स्लरी हौद में गिरने से मौत हो गई है। युवक के शव का अंतिम संस्कार आज गांव में कर दिया गया है। जवान बेटे की मौत से माता पिता सदमें में है। मृतक के 5 वर्ष व 1 वर्ष के दो मासूम बेटे है और एक 3 वर्ष की पुत्री है। प्राप्त जानकारी के अनुसार परमेश्वरलाल मार्बल मंडी में एमडी स्टोनेक्स में हेल्पर का कार्य करता था। मार्बल फैक्ट्री में ग्रेनाइट काटने में पानी का प्रयोग होता है और कटिंग के दौरान निकलने वाला पाउडर पानी में मिक्स होकर फैक्ट्री में बने टैंक में एकत्र किया जाता है। मिट्टी से टैंक भर जाने के बाद उसे बंद कर दिया जाता है। गुरूवार को दोपहर करीब एक बजे परमेश्वरलाल एक टैंक को बंद करने गया। इस दौरान वह 25 फीट गहरे टैंक में गिर गया। उसके गिरता देख भूराराम मेघवंशी उसे बचाने पहुंचा। लेकिन परमेश्वर टैंक में डूब गया। शोर मचाने पर मजदूर वहां एकत्र हो गए। मौके पर पंप से टैंक का पानी खाली किया। इस पूरे काम में करीब 45 मिनट लग गए। पानी खाली हुआ तो परमेश्वर टैंक के पैंदे में पड़ा मिला। उसकी सांस भी बंद हो गई थी। उसकी मौत से नाराज लोगों ने शव उठाने से मना कर दिया। सूचना पर गांधीनगर थाने से एसआई रामसिंह, कांस्टेबल महिपाल सिंह, हनुमान सपेडिया सहित अन्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाइश कर लोगों को शांत किया। शव को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मदनगंज थाना सीआई घनश्याम सिंह भी मोर्चरी पहुंचे।

नहीं आता तो बच जाते प्राण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
परमेश्वर आम तौर पर सुबह ही काम करते आता है। गुरूवार को उसके एक साथी ने उसके स्थान पर शाम को काम पर आने को कहा था। लेकिन परमेश्वर ने मना कर दिया। मौत के बाद लोगों में चर्चा रही कि अगर वह सुबह नहीं आता तो उसके प्राण बच जाते।