Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026
0001
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

(विशाल स्वामी) श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जून 2024। पुलिस बेड़े को स्वस्थ, चुस्त और दुरूस्त बनाने के लिए देशभर में सरकारों, प्रशासन एवं उच्चाधिकारियों द्वारा कई प्रयोग किए गए लेकिन फिर भी पुलिस बेड़े में बड़ी संख्या में जवान अनफिट होते जा रहें है। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में नवाचार करते हुए यहां पुलिस क्लब का निर्माण करवाया जा रहा है। कस्बे के दानदाता एवं कोलकात्ता प्रवासी उद्यमी जतनलाल पारख द्वारा जीव-जतन जनकल्याण ट्रस्ट के बैनर तले करीब 10 लाख से अधिक की राशि खर्च कर थाना प्रांगण में पुलिस क्लब का निर्माण करवाया जा रहा है। क्लब में 14*14 साईज का एक कमरा, 16*29 फिट का एक बड़ा हॉल और बाहर की ओर ठंडे जल की प्याऊ, वाटरकूलर सहित बनाई जा रही है। ट्रस्ट के मुख्य न्यासी जतनलाल पारख ने बताया कि पुलिस अधिकारियों से चर्चा के बाद यह निर्माण करवाया जा रहा है एवं निर्माण के बाद यहां जिम, फिटनेस सेंटर आदि संचालित किए जा सकेगें। निर्माण को गति दी जा रही है एवं आगामी 11 जुलाई को उद्घाटन कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
पुलिस क्लब द्वारा घटेगी पुलिस एवं आमजन के बीच की दूरी – इंद्रकुमार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देश भर में कई जगहों पर पुलिस थानों में ऐसी आदर्श स्थिति है जहां पुलिस क्लब के माध्यम से पुलिस एवं आमजन के बीच की दूरी को कम किया गया है। श्रीडूंगरगढ़ में भी पुलिस क्लब के निर्माण के बाद पुलिस अधिकारियों के विवेकानुसार ऐसा संभव हो सकेगा। यह बात श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी इंद्रकुमार ने कही। इंद्रकुमार ने बताया कि पुलिस क्लब में जिम, व्यायाम केन्द्र आदि में सीएलजी सदस्यों की तर्ज पर ही क्षेत्र के पत्रकार, वकील, चिकित्सक, प्रबुद्ध व्यापारी आदि भी इस क्लब के सदस्य बन सकेगें एवं पब्लिक पुलिसिंग के प्रयास भी सार्थक हो सकेंगे। हालांकि अभी तक इस संबध में कोई ड्राफ्ट तैयार नहीं किया गया है लेकिन क्लब निर्माण के बाद पुलिस अधिकारियों से निर्देश लेकर ऐसा किया जा सकेगा।
जीव-जतन ट्रस्ट का एक और सार्थक कार्य।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुलिस थाने में पुलिस क्लब के निर्माण से जीव-जतन जनकल्याण ट्रस्ट द्वारा क्षेत्र में करवाए जा रहे सकारात्मक कार्यों की सूची में एक और सार्थक कार्य जुड़ जाएगा। विदित रहे कि इस ट्रस्ट द्वारा यहां विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को सामाजिक कार्यों के लिए अनुदान, पौधारोपण अभियान, प्रतिभा सम्मान के साथ-साथ नेशनल हाईवे पर राजकीय सदूदेवी पारख कन्या महाविद्यालय, मुख्य बाजार में नगरपालिका भवन, कालू रोड पर नगर प्रवेश द्वार, 18 से अधिक शिव मंदिरों का निर्माण सार्वजनिक स्थलों पर करवाया जा चुका है।
कोलकाता-श्रीडूंगरगढ़ नागरिक संघ का लक्ष्य, अपनी मिट्टी के प्रति कर्तव्य निवर्हन में प्रतिवर्ष करवाएंगे निर्माण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के निवासी एवं कोलकाता प्रवासी नागरिकों द्वारा अपने गांव, अपनी मिट्टी से जुड़ाव के लिए श्रीडूंगरगढ़ नागरिक परिषद, कोलकाता का गठन किया हुआ है। इस संस्था से जुड़े कस्बे के प्रवासियों द्वारा श्रीडूंगरगढ़ में सार्वजनिक हितार्थ आयोजन एवं कार्य करवाए जाते रहें है। अब इस संस्था के अध्यक्ष पद का जिम्मा जतनलाल पारख को मिला है। पारख द्वारा अपने अध्यक्षीय प्रस्ताव में श्रीडूंगरगढ़ नागरिक संघ द्वारा प्रतिवर्ष एक बड़ा रचनात्मक कार्य अपनी मिट्टी के प्रति कर्तव्य निर्वहन के रूप में करवाए जाने का निर्णय पारित करवाया गया है। इसके तहत पुलिस थाना प्रांगण में बनने वाले पुलिस क्लब को पहले कार्य के रूप में लिया गया है। श्रीडूंगरगढ़ नागरिक संघ के सौजन्य से जीव-जतन जनकल्याण ट्रस्ट द्वारा यह निर्माण करवाया जा रहा है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रस्तावित पुलिस क्लब का कार्य प्रारंभ हुआ।