Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026
26jan
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अप्रैल 2022। श्रीडूंगरगढ़ ग्रामीण इलाकों में जंगली मधुमक्खियों का आंतक लगातार बढ़ रहा है। गांव बरजांगसर, बाना, कल्याणसर पुराना में ग्रामीण इन जंगली मधुमक्खियों के भय में जी रहें है। गांव बरजांगसर में तो नन्हें मुन्नों की जान सांसत में है। गांव सोनियासर मिठिया के ग्रामीणों ने बताया कि इन जंगली मधुमक्खियों का आकार सामान्य से बड़ा है और ये बिना छेड़े पीछे पड़ कर ग्रामीणों को घायल कर रही है। बरजांगसर में इन मधुमक्खियों ने करीब दो दर्जन ग्रामीणों पर हमला कर अपना शिकार बना लिया है व अब ग्रामीण खौफजदा है। बरजांगसर में राजकीय विद्यालय के सामने स्थित गांव की गुवाड़ में लगे नीम के पेड़ पर एक बड़ा छत्ता है। इस छत्ते से ये मक्खियां जब चाहे नन्हें मुन्नों को अपना शिकार बना रही है। शनिवार को कक्षा तीन के छात्र भवानीसिंह पुत्र करणीसिंह पर अचानक हमला कर दिया जिससे निजी शिक्षक सहीराम सिहाग ने अलाव जला कर बालक के प्राण बचाए। गांव में प्राथमिक चिकित्सा के बाद बच्चे को श्रीडूंगरगढ़ रैफर कर दिया गया। सिहाग ने बताया कि यहीं दो दिन पूर्व भी एक बालिका को घायल कर दिया था और मुश्किल से उसका पीछा छुड़वाया गया। आए दिन स्कूल के सामने ऐसी घटनाएं हो रही है जिसमें स्कूल का स्टाफ अलाव जलाकर या बच्चे को किसी गाड़ी में बंद करके इनसे पीछा छुड़वाने का प्रयास करते है। ऐसे में मक्खियां स्टॉफ को भी काटती है। शनिवार सुबह की इस घटना के बाद बच्चे के पिता करणीसिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व ही एक गर्भवती महिला के पीछे पड़ी इन मधुमक्खियों ने उसे घायल कर दिया व रामगोपाल सिद्ध ने अलाव जलाकर उसके प्राण बचाएं। ग्रामीण डालदास स्वामी व जैसाराम, भागुसिंह, भीखसिंह के खेत में भी ये हमलावर मधुमक्खियां जान के लिए आफत बनी हुई है। समाजसेवी भंवरलाल जोशी ने बताया कि इन जंगली मधुमक्खियों ने सोनियासर मिठिया गांव के कई खेतों में ही नहीं गांव की गुवाड़ में डेरा डाल लिया है। यहां एक बड़ा छत्ता है जो ग्रामीणों के लिए आफत बन गया है। ग्रामीणों ने बताया कि खेतों मे क्या गांव में ये मधुमक्खियां ग्रामीणों को घायल कर रही है। वन विभाग के अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने कहा कि इन दिनों कई गांवों से ऐसी सूचनाएं मिल रही है। क्षेत्र में ये अप्रत्याशित ढंग से ये बढ़ी है परंतु विभाग के पास ऐसे साधन उपलब्ध नहीं है जिससे कोई कार्रवाई की जा सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अगर छत्ते हटाने वालों को जानते हो तो वे हमें बताएं जिससे ऐसे लोगों से संपर्क कर जनता को राहत दिलवाने का प्रयास किया जा सकें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बरजांगसर में स्कूल के आगे बना बड़ा छत्ता बच्चों के लिए बना आफत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव में ये मधुमक्खियां जिस बच्चे के पीछे पड़ जाएं उसे किसी गाड़ी में बंद करके उसके प्राण बचाए जा रहें है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोनियासर मिठिया मे ग्रामीण परेशान है इन जंगली मधुमक्खियों से।