Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026
00000101010100
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 मार्च 2023। आज का दिन भारतवासियों के लिए उत्साह भरा दिन है। RRR अपना परचम फहराया और आर आर आर के गाने नाटू नाटू ने बेस्ट ओरिजनल सांग कैटेगरी में ऑस्कर जीत लिया है। वहीं गुनीत मोंगा की डॉक्यूमेंट्री ‘द एलिफेंट व्हिसपरर्स’ को ऑस्कर अवार्ड मिला है। थियेटर तालियों से गूंज उठा और कलाप्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गयी। पढें विस्तार से पूरी खबर।

RRR ने जीता अवार्ड।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बधाई हो… आखिर RRR ने 95वें एकेडमी अवॉर्ड्स में अपना परचम लहरा ही दिया। जी हां आपने सही समझा एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर के गाने नाटू नाटू ने बेस्ट ऑरिजनल सॉन्ग कैटेगरी में ऑस्कर जीत लिया है। आज हर इंडियन प्राउड फील कर रहा है, देशभर के फिल्मी फैंस नाटू नाटू गाने पर झूम रहे हैं। पहले गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड और अब ऑस्कर जीतना कम बड़ी बात नहीं है।

क्या बोले कीरावानी?

एमएम कीरावानी ने ऑस्कर के स्टेज पर गाना गाते हुए स्पीच दी. उन्होंने कहा- इसे संभव बनाने के लिए शुक्रिया. उन्होंने अपनी स्पीच में हर किसी का आभार जताया. कीरावानी जब स्पीच दे रहे थे तो उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी. दूसरी तरफ, ऑस्कर के मंच पर सिंगर काल भैरव और हालु सिप्लिगंज ने नाटू नाटू गाने पर लाइव परफॉर्मेंस दी. ऑस्कर अवॉर्ड्स का आयोजन अमेरिका के लॉस एंजलिस स्थित डोलबी थियेटर में हुआ.

RRR का बॉक्स ऑफिस पर बजा डंका

RRR का देश-विदेश में डंका बजा है. एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म ने इंडिया में 750 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया. वहीं वर्ल्डवाइड मार्केट में भी आरआरआर की धूम रही. फिल्म ने 1100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की. फिल्म में जूनियर एनटीआर, राम चरण लीड रोल में दिखे. अजय देवगन, आलिया भट्ट के कैमियो ने भी लोगों का दिल जीता. नाटू नाटू सॉन्ग को म्यूजिक कंपोजर एमएम कीरावानी ने बनाया है. 80वें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में नाटू नाटू की जीत के बाद स्पीच देते वक्त एमएम कीरावानी इमोशनल हो गए थे.

कौन हैं एमएम कीरावानी?

एमएम कीरावानी जाने माने म्यूजिक कंपोजर, रिकॉर्ड प्रोड्यूसर, सिंगर और लिरिसिस्ट हैं. वे तेलुगू, तमिल और हिंदी सिनेमा के लिए काम करते हैं. डायरेक्टर एसएस राजामौली से कीरावानी का गहरा रिश्ता है. राजामौली उनके चचेरे भाई हैं. एमएम कीरावनी के बच्चे भी इंडस्ट्री से जुड़े हैं. बड़े बेटे काल भैरव सिंगर हैं, उन्होंने ही नाटू नाटू गाने को अपनी आवाज दी. छोटे बेटे का नाम श्री सिम्हा है. वे तेलुगू मूवीज में काम करते हैं. कीरावानी की पत्नी एमएम श्रीवल्ली लाइन प्रोड्यूसर हैं.

कीरावानी महज 4 साल की उम्र में संगीत से जुड़ गए थे. कीरावानी ने साउथ ही नहीं कई बॉलीवुड गानों को भी बनाया है. इनमें गली में आज चांद निकला, तू मिले दिल खिले, आ भी जा, खूबसूरत है वो इतना, मैंने दिल से कहा, जादू है नशा है जैसे सुपरहिट सॉन्ग शामिल हैं.

The Elephant Whisperers ने जीता ऑस्कर, गुनीत मोंगा की डॉक्यूमेंट्री ने बजाया भारत का डंका।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारत के लिए आज का दिन बेहद खुशी वाला है. प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा की डॉक्यूमेंट्री ‘द एलीफेंट व्हिस्परर्स’ को ऑस्कर अवॉर्ड मिल गया है.
‘द एलीफेंट व्हिस्परर’ एक नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री है. इसे कार्तिकी गोंसालविज़ ने निर्देशित और गुनीत मोंगा ने प्रोड्यूस किया है. इसकी कहानी अकेले छोड़ दिए गए हाथी और उनकी देखभाल करने वालों के बीच अटूट बंधन की बात करती है.

गुनीत मोंगा ने किया रिएक्ट

गुनीत मोंगा ने ऑस्कर जीतने के बाद अपना पहला रिएक्शन दिया है. उन्होंने ऑस्कर अवॉर्ड हाथ में लेते हुए फोटो शेयर की. साथ ही कैप्शन में लिखा- ‘आज की रात ऐतिहासिक है. क्योंकि ये किसी इंडियन प्रोडक्शन के लिए अब तक का पहला ऑस्कर है. थैंक यू मॉम-डैड, गुरुजी शुक्राना, मेरे को-प्रोड्यूसर अचिन जैन, टीम सिख्या, नेटफ्लिक्स, आलोक, सराफीना, WME बैश संजना. मेरे प्यारे पति सनी. हैप्पी 3 मंथ एनिवर्सरी. इस कहानी को लाने के लिए कार्तिकी, देखने वाली सभी महिलाओं को…
भविष्य यहां है. जय हिन्द.’

क्या है कहानी ?

इस शॉर्ट फिल्म की कहानी की बात करें तो ये साउथ के कपल बोम्मन और बेली और रघु नाम के बेबी एलिफेंट के इर्द-गिर्द घूमती है. कहानी में दिखाया गया है कि कैसे एक कपल एक अनाथ बेबी हाथी की देखभाल करने के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं, एक परिवार बनाते हैं.

प्रियंका चोपड़ा ने की थी डॉक्यूमेंट्री की तारीफ

बता दें कि जब द एलीफेंट व्हिस्परर्स ऑस्कर 2023 के लिए नॉमिनेट हुई थी उसके बाद प्रियंका चोपड़ा ने द एलिफेंट व्हिस्पर्स का रिव्यू किया था. उन्होंने इसकी खूब तारीफ की थी. प्रियंका ने लिखा था, ‘इमोशन्स से भरा एक ट्रंक. मैंने हाल में ही जिन डॉक्यूमेंट्रीज को देखा उनमें से दिल छू लेने वाली डॉक्यूमेंट्री में से एक, मुझे बहुत पसंद आई. कार्तिकी गोंसाल्विस और गुनीत मोंगा को बहुत-बहुत बधाई।