Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026
00100
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 नवंबर 2022। कुश्ती में पहलवानी व बॉक्सिंग रिंग में मुक्के मारने का खेल हमारे क्षेत्र में केवल लड़कों के लिए ही माना जाता रहा है। ऐसी मान्यताओं की बेड़ियां हरियाणा व शेखावाटी की बेटियों ने बहुत पहले तोड़ दी परंतु हमारे क्षेत्र में भी अब ये पहल होने लगी है। क्षेत्र के गांव जालबसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा आरती पुत्री राजूराम सारस्वत ने 66वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 54 किलो भार वर्ग कुश्ती में जिलेभर की खिलाड़ियों को हरा कर गोल्ड अपने नाम किया। आरती सारस्वत अब राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। इसी स्कूल की छात्रा आरती पुत्री शीशपाल कूकणा निवासी बीरमसर ने 46 किलो भार वर्ग में सिल्वर पदक हासिल किया वहीं इसी स्कूल की छात्रा अंजना पुत्री बीरबल लूखा ने बॉक्सिंग में कांस्य पदक जीता है। गांव में पहली बार कुश्ती व बॉक्सिंग खेल में युवतियों के भाग लेने पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है और बेहतर प्रदर्शन के कारण ग्रामीणों में चर्चा का केंद्र बन गया है। प्रधानाचार्य प्रहलाद राय मीणा, सरपंच बेगराज लूखा, पूर्णाराम लूखा, श्रवण सारस्वत सहित ग्रामीणों ने तीनों को बधाई दी व राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने की बात कही। तीनों विजेता छात्राओं व उनके परिजनों ने टीम प्रभारी एवं शारीरिक शिक्षक महेंद्र सिंह का आभार जताया। टाइम्स से बातचीत में महेंद्रसिंह तंवर ने बताया की गांव में बालकों के अलावा बालिकाओं की भी खेलकूद मे रूची बढ़ रही है और वे अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के प्रयास भी कर रही है। गांव में पहली बार कुश्ती व बॉक्सिंग जैसे खेल बालिकाओं द्वारा खेले जाने पर ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया जिससे गांव में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल बन रहा है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिकानेरबक आर.के. पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में आरती सारस्वत ने कुश्ती में हासिल किया गोल्ड।