Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026
000000000000000
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 दिसंबर 2024। शुक्रवार को नगरपालिका की साधारण आम सभा की बैठक का आयोजन पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा की अध्यक्षता में हुआ। सभा में अनेक मुद्दों पर खासी चर्चा हुई परंतु एक मुद्दे पर पक्ष- विपक्ष दोनों एक साथ आ गए, और ये मुद्दा था शहर की सफाई व स्वच्छता का। जिसमें सभी पार्षदों ने एक स्वर में बिगड़ी सफाई व्यवस्था को सुधारने की मांग पूरजोर ढंग से उठाई। बैठक में ईओ अविनाश शर्मा सहित पालिका प्रशासन मौजूद रहा। बैठक में मंच पर पालिकाध्यक्ष व ईओ सहित उपाध्यक्ष बंशीधर सुथार भी मौजूद रहें।
गुंजा ताल मैदान की सफाई का मुद्दा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में सत्ता पक्ष के पार्षद संतोष बोहरा, विक्रम सिंह शेखावत, भरत सुथार व पवन उपाध्याय ने युवाओं के लिए एक मात्र खेल मैदान श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम होने, व इसी की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त की। युवा पार्षदों ने इस मैदान की सफाई करवाए जाने की मांग की। पार्षदों ने कहा कि स्टेडियम की सफाई पालिका व हाई स्कूल के बीच फंस कर रह जाने का खामियाजा क्षेत्र के युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। बेल्ट सर्विस की तैयारी करने वाले युवा इससे काफि निराश है। पार्षदों ने आगामी भर्तियों को देखते हुए शीघ्र मैदान की सफाई करवाने की मांग की।
80 लाख से करीब 2 करोड़ पहुंचा टैंडर, फिर भी नहीं हो रही सफाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। साधारण सभा में वार्ड 17 के पार्षद विनोदगिरी गुसाईं ने सफाई टेंडर का मुद्दा उठाते हुए बताया कि पहले टेंडर 80 लाख रूपए सालाना था और इस बार का 2 करोड़ सालाना टेंडर हो गया है। उसके बावजूद सफाई व्यवस्था शून्य पर है इससे आमजन बेहाल है। अन्य पार्षदों ने भी एक स्वर में विनोद गिरी का समर्थन किया और पालिका की मिलीभगत का आरोप भी लगाया।
गाडिया लोहारों को मिले भूमि व पट्टा, बस स्टैंड सुलभ सुविधाओं की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आम सभा में पार्षद विनोदगिरी गुसाईं ने घुमंतु जातियों की श्रेणी में गाडियां लूहार परिवारों को भूमि आवंटन किए जाने व उनके पट्टे बनाकार पीएम आवास योजना में घर बनवा कर इन्हें स्थायी रूप से बसाने की मांग की। पार्षद पवन उपाध्याय ने घुमचक्कर पर स्थित अस्थाई बस स्टेंड पर सुलभ सुविधाएं करवाने की मांग उठाते हुए कहा कि यहां सैंकड़ो लोग प्रतिदिन बुरी तरह से परेशान हो रहें है।
शहीद भगतसिंह पार्क की देख-रेख के लिए वीएचपी ने बढ़ाया हाथ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के बिग्गा बास में गोपाल गोशाला के पास स्तिथ शहीद भगतसिंह पार्क भी देखरेख नहीं होने की वजह से ताल मैदान की तरह झाड़ झंकाड़ से भरा है। पार्षद संतोष बोहरा ने विश्व हिंदू परिषद संगठन की ओर से पार्क की देखरेख व सार संभाल की जिम्मेदारी लिए जाने की पेशकश करते हुए पार्क की देखरेख वीएचपी के हाथों में देने का प्रस्ताव रखा। इस पर ईओ ने शीघ्र ही पार्क का सौंदर्यीकरण करवाने की बात कही। पार्षद पवन उपाध्याय ने गांधी पार्क सहित अन्य पार्कों का भी सौंदर्यकरण किए जाने की मांग रखी।
अस्पताल के पास के चेंबर बन रहा बीमारियों व हादसों का कारण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख ने जोशी हॉस्पिटल के पास बने एक बड़े चेंबर की गत एक माह से सफाई नहीं होने, उसके कारण बीमारियां व बदबू से वार्डवासियों का जीवन दूभर होने की बात कहते हुए कहा कि ये खुला चेंबर हादसों को भी न्यौता दे रहा है। पारख ने इसकी सफाई करते हुए इसे बंद करवाए जाने की मांग की।
भर्ती में वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता देने की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वार्ड 7 के पार्षद मघराज तेजी व प्रकाश मलघट ने वाल्मीकि समाज की श्मशान भूमि में सीसी सड़क बनवाने तथा बाहर गली में भी सीसी सड़क बनवाए जाने की मांग की। सफाई कार्मिकों की भर्ती में वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता देने, वाल्मीकि समाज के लोगों के पट्टे जारी करने की मांग की।
पालिका क्षेत्र की भूमि हो अतिक्रमण मुक्त।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पार्षद सोहनलाल ओझा व जगदीश गुर्जर ने अनेक संवैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए पालिका की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने की मांग की। ओझा ने शहर में चारों और दबंगो द्वारा किए गए कब्जों को हटाकर पालिका की भूमि के बोर्ड लगाने की मांग रखी। सफाई टेंडर का पेमेंट किए जाने से पूर्व जमादार के स्थान पर वार्ड पार्षद के हस्ताक्षर के बाद ही पेमेंट दिए जाने की मांग रखी। ओझा ने कहा कि इससे ठेकेदार द्वारा वार्डों की सफाई व्यवस्था करवाना सुनिश्चित किया जा सकेगा।
प्रोसेडिंग पार्षदों को दिए जाने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पार्षद अरूण पारीक ने गत सभा में पार्षदों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर पालिका द्वारा क्या कार्रवाई की गई ये सदन में रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने की मांग की। पारीक ने कहा कि सभी पार्षदों को बैठक की प्रोसेडिंग उपलब्ध करवाया जाना सुनिश्चित किया जाए, जिससे आगामी बैठक में कार्रवाई संबंधी चर्चा को भी शामिल किया जा सकें। वहीं बैठक में पार्षद रामसिंह जागीरदार, पार्वती प्रजापत, सुजाता बरड़िया, ललित सारस्वत सहित अनेक पार्षद मौजूद रहें। साधारण सभा का पूरा प्रसारण देखने के लिए क्लिक करें इस लिंक पर:– https://fb.watch/wryfxbepY2/