Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026
evee
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 सितम्बर 2024। पढ़ें आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में दिन भर की खास खबरें एक साथ, देखें विभिन्न फोटो।

स्टेट पर पदक पक्का, हमारी बेटियों का गोल्ड पर दावा मजबूत।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्टेट लेवल स्कूली गेम्स में बीकानेर जिले की टीम विभिन्न खेलों में पूरे प्रदेश के खिलाडियों पर भारी पड़ रही है। पूर्व में कबड्डी में स्टेट विजेता बनने के बाद अब हमारी बेटियां खो-खो में भी प्रदेश स्तर पर गोल्ड का दावा मजबुती के साथ कर रही है। बूंदी जिले के कापरेन में आयोजित हो रहे इस आयोजन में बीकानेर जिले की टीम ने लगातार सात मैच अजेय रह कर सेमीफाईनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है। बीकानेर की टीम ने स्टेट लेवल प्रतियोगिता में भीलवाड़ा, जोधुपर, सिरोही, अजमेर, दूदू, पाली व हनुमानगढ़ को लगातार सात मैचों में हराया है। बीकानेर टीम के दलाधीपति इंद्राज खिलेरी ने बताया कि टीम का पदक अब पक्का हो गया है एवं टीम गोल्ड की प्रबल दावेदार है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि जिले की टीम के 12 खिलाडियों में से 8 खिलाड़ी श्रीडूंगरगढ़ तहसील के है। श्रीडूंगरगढ़ के गांव लखासर की छह, देराजसर की एक, भोजास की एक खिलाड़ी शामिल है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले की टीम पहुंची सेमिफाईनल में, 12 में से 8 खिलाड़ी श्रीडूंगरगढ़ से।

एक और हादसा, युवक घायल।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में हर शाम को सड़क हादसा होना जैसे नियती बन गया है। इस क्रम में सोमवार शाम को श्रीडूंगरगढ़ से रीड़ी लौटते हुए एक बाईक सवार गांव सालासर के फांटे पर अनियंत्रित होकर गाय से टकरा गया एवं घायल हो गया। दुर्घटना में घायल को एपीजे अब्दुल कलाम सोसायटी की एम्बुलैंस से श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय पहुंचाया गया। गनिमत रही कि युवक को अधिक चोटें नहीं आई एवं चिकित्सालय से प्राथमिक उपचार के बाद युवक के छुट्टी दे दी गई।

नवरात्रा महोत्सव का तैयारियो को लेकर बैठक आयोजित,कमेटियों का किया गठन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के सबसे बड़े मंदिर आडसर बास माताजी मंदिर में नवरात्रा महोत्सव की तैयारियों के लिए मंदिर समिति की बैठक सोमवार को मंदिर परिसर में गजानन्द मूंधड़ा की अध्यक्षता में हुआ। बैठक में 3 से 12 अक्टूबर तक नवरात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया और कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न कमेटियां गठित की गई। जिसमें मंदिर मरम्मत कार्य की जिम्मेदारी अशोक व्यास व सीताराम डागा को, मंदिर सजावट सूर्यप्रकाश तापड़िया, श्यामसुंदर जोशी व जगदीश राठी को, नौ दिन अंखड कीर्तन अशोक दर्जी व श्याम सुंदर व्यास को, पुलिस व्यवस्था, सफाई व प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी तुलसीराम चोरड़िया व रामचंद्र राठी को दी गई। इनके साथ ही सुशील डागा, मांगीलाल राठी, विनोद व्यास, मनोज व्यास, रामावतार मूंधड़ा, मोहित, पवन व्यास, अशोक व्यास आदि को भी महोत्सव सम्बंधित विभिन्न व्यवस्थाओ की जिम्मेदारियां सौंपी गई। बैठक में मंत्री हरिप्रसाद मूंधड़ा ने मंदिर के लिए नया जनरेटर खरीदने का प्रस्ताव रखा। जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

धरना जारी, लगाए नारे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव पूनरासर में निर्माणाधीन 132केवी जीएसएस के जल्द से जल्द निर्माण को पूर्ण करवाने के लिए ग्रामीणों का धरना सोमवार को भी जारी रहा एवं सोमवार को धरने पर गांव के भागूनाथ, ओंकारनाथ, उत्तमनाथ, परमनाथ, शंभूनाथ, लालनाथ, मामराज गोदारा आदि ग्रामीण मौजूद रहे। धरने पर किसानों ने नारे लगाए एवं जल्द निर्माण पूर्ण करवाने की मांग की।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर में जारी है धरना, निर्माण जल्द पूर्ण करवाने की मांग।

कोटासर की रोही में अज्ञात जानवर का खौफ, देखें वीडियो।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव कोटासर की दिखनादी रोही में दो दिनों से अज्ञात जानवर का खौफ किसानों में व्याप्त है। गांव के समुद्रराम सारण ने बताया कि कुत्ते से अधिक लंबा एवं चौड़े इस जानवर का रंग भूरा है एवं यह कुत्ते से कहीं अधिक तेजी से दौड़ सकता है। इसके पैरों के निशान भी कुत्तों से अलग है एवं इस रोही में इसे तीन-चार बार देख लिया गया है एवं पांच-सात किसानों ने मिल कर रविवार रात को इसका पीछा करने का प्रयास भी किया लेकिन अधिक तेजी के साथ दौड़ा यह अज्ञात जानवर उनकी पहुंच से दुर हो गया। ग्रामीणों ने पैरों के निशान भी वायरल किए है एवं वन विभाग के कार्मिकों से इस जानवर को पकड़ने की मांग की है। इस रोही में रात्रिकालीन बारी में बिजली सप्लाई है एवं किसानों को खेतों में रात को सिंचाई करनी पड़ रही है। ऐसे में ग्रामीणों व किसानों में अज्ञात जानवर को लेकर भय व्याप्त है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव कोटासर की रोही में अज्ञात जानवर को लेकर ग्रामीणों में भय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पैरों के निशान भी कुत्ते से अलग, कद, काठी एवं रंग में भी कुत्तों से अलग।