Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026
sri-news-banner-Recovered
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जून 2024। क्षेत्र में विवादित भूमियों पर कब्जे एवं मालिकाना हक के लिए झगड़े लगातार बढ़ते जा रहे है। ऐसा ही एक और झगड़ा गुरूवार को श्रीडूंगरगढ़ में देखने को मिला। जहां नेशनल हाईवे स्थित जमीन के विवाद में 15-20 जनों ने एक घर में घुस कर हमला कर दिया। घर में महिला के साथ मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। महिला फटे-हाल कपड़ों में ही थाने पहुंची एवं आरोपियों के खिलाफ लिखित रिपोर्ट देकर मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने इस झगड़े में एक महिला सहित 6 जनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार भी किया है। मामले में प्रतिष्ठा सिखवाल ने पुलिस को बताया कि वह नैना इंटरप्राईजेज के सामने स्थित अपने खेत में बने घर में रह रही है एवं उसे खेत खाली करने के लिए कई बार धमकियां भी मिल चुकी है। जिनके संबध में पूर्व में पुलिस को सूचना दी हुई है। गुरूवार सुबह 6-6.30 बजे करीब 15-20 जने खेत का गेट तोड़ कर अंदर घुसे एवं खेत में लगे कैमरों को तोड़ दिया। आरोपियों ने घर के अंदर घुस कर परिवादी एवं उसकी सास के साथ मारपीट की, परिवादी के कपड़े फाड़ कर लज्जा भंग की। परिवादी महिला ने बताया कि उसने जैसे-तैसे भाग कर अपने आप को बचाया। आरोपियों ने परिवादी से सोने का मंगलसूत्र, सोने का कड़ा, सोने की अंगूठियां, परिवादी की सास से सोने का कड़ा, अंगूठियां, देवता का पेंडल, सोने की चैन, पायल एवं घर में रखे दस्तावेज, 50 हजार नकद रुपए लूट लिए। परिवादी ने इस घटना के पीछे उसकी जमीन पर वर्ष 2015-16 से लकर अब तक कब्जा करने की फिराक में लगे ओमप्रकाश मोदी, नितेश मोदी, हुलासमल प्रजापत, सुशील मूंधड़ा, गोपालराम जाट, सलीम तेली, सीताराम सुनार, तारादेवी व अन्य लोगों का हाथ होना बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच थानाधिकारी स्वंय करेगें। विदित रहे कि इस भूमि के मालिकाना हक एवं कब्जे के लिए पूर्व में भी कई पक्षों द्वारा आपस में मामले दर्ज करवाए गए है।

महिला सहित 6 जनों को खानी पड़ी हवालात की हवा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जून 2024।
गुरूवार सुबह नेशनल हाईवे पर हुए झगड़े में पुलिस ने एक महिला सहित छह जनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झगड़े की सूचना पर हैडकांस्टेबल ओमप्रकाश मय पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा तो देखा कि कुछ लोग एक महिला के साथ विवाद कर रहे थे। समझाने पर भी नहीं माने तो मौके पर उत्पात मचाते हुए हरियाणा के बहल जिला निवासी संदीप जाट, श्रीडूंगरगढ़ के मोमासर बास निवासी प्रकाश मोदी, शेरेरां निवासी रामनिवास गोदारा, कालूबास निवासी हुलासमल प्रजापत, राजगढ़ निवासी नीलम जाट व राधा छोटी, राजगढ़ निवासी कुलदीप जाट को धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर हवालात की हवा खिलाई है।